Tuesday, October 18, 2011

कितना अच्छा होता है

(सर्वेश्वरदयाल सक्सेना की कविता, जिसे बीसियों 
बार पढ़कर भी मन नहीं भरता. कितना अच्छा 
होता है, किसी कविता में देर तक डूबे रहना...)

एक-दूसरे को बिना जाने
पास-पास होना
और उस संगीत को सुनना
जो धमनियों में बजता है 
उन रंगों में नहा जाना
जो बहुत गहरे चढ़ते-उतरते हैं।

शब्दों की खोज शुरू होते ही 
हम एक-दूसरे को खोने लगते हैं 
और उनके पकड़ में आते ही 
एक-दूसरे के हाथों से 
मछली की तरह फिसल जाते हैं। 

हर जानकारी में बहुत गहरे
ऊब का एक पतला धागा छिपा होता है 
कुछ भी ठीक से जान लेना 
ख़ुद से दुश्मनी ठान लेना है। 

कितना अच्छा होता है
एक-दूसरे के पास बैठ ख़ुद को टटोलना 
और अपने ही भीतर
दूसरे को पा लेना।

Wednesday, October 5, 2011

औरत सहारा नहीं देती है

(बरसों पुरानी डायरी से एमिली डिकिन्सन की 
कविता का यह अंश मिला लेकिन कविता का 
नाम और अनुवादक- दोनों ही खोजने मुश्किल
पड़ रहे हैं!) 

औरत सहारा नहीं देती है 
मगर, चाहती है- 
कोई एक छोटा-सा मज़बूत दरख़्त 
उसकी बांहों के नीचे 
झुका रहे 
हर वक़्त।

Monday, September 12, 2011

पटाक्षेप

(मां के जन्मदिवस पर आज उन्हीं की लिखी कविता, 
जो 1981 में पंजाब की एक पत्रिका में शाया हुई थी.) 

पाण्डवो! 
तुम्हारे बौद्धिक शोषण से 
आज की द्रौपदी पूर्ण मुक्त है। 

उसकी नियति अब
लोपाद्रुमा, गार्गी, यशोधरा-सी न होकर 
सामर्थ्यपूर्ण नचिकेता की है 
जिसके पलायन या 
आक्रमण अभियान हेतु मार्ग 
पूर्ण प्रशस्त है। 

सूत्रधारो! 
बेहतर स्थिति यह होगी कि- 
फूहड़ दार्शनिकता की मवाद संभाले 
अपने वंचनापूर्ण संवादों 
नाटकीय प्रस्तुतीकरण 
और पूर्वाग्रह युक्त मंचन के 
प्रयासों को रहने दो। 

कहीं ऐसा न हो कि 
पात्रों से साज़िश कर 
दर्शक 
तुमसे बलात् पटाक्षेप करवाएं 
और क्षमा-याचना के लिए 
तुम्हें मजबूर कर दें।
-कीर्ति निधि शर्मा गुलेरी

Saturday, September 10, 2011

वेरा के लिए

(नाज़िम हिकमत की कविता जो उन्होंने 
वेरा तुल्याकोवा के लिए लिखी. वेरा, 
नाज़िम की पांचवीं और अंतिम पत्नी थीं.) 

आओ!- उसने कहा 
और ठहरो!- उसने कहा 
और मुस्कराओ!- उसने कहा 
और मर जाओ!- उसने कहा। 

मैं आया 
मैं ठहरा 
मैं मुस्कराया 
और मैं मर गया।
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...